वाराणसी। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह का आरोप है कि राफेल के मामले में सुप्रीम कोर्ट के साथ केंद्र सरकार मजाक कर रही है। सिंह ने कहा-केंद्र सरकार की ओर से कहा जा रहा है कि हमने इज लिखा था आपने हैज बीन पढ़ लिया, हमने इज लिखा था आपने वाज पढ़ लिया, हमने तो वर्जन लिखा था आपने पोर्शन पढ़ लिया।
रविवार को ललिता घाट पर धरने के दौरान पत्रकारों से बातचीत में राफेल मामले में याचिकाकर्ता सिंह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस हैं, तीन जजों की पीठ है। सरकार कहना चाहती है कि उन्हें अंग्रेजी पढ़ना और ग्रामर समझ नहीं आता। मामले में पुनर्विचार याचिका दाखिल करेंगे। संसद की अवमानना का मामला भी उठाएंगे। उन्होंने मामले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) बनाने की वकालत की। कहा, जेपीसी गठित हुए बिना सच्चाई सामने नहीं आएगी।
सिंह ने कहा कि देश में इस समय झूठ बोलने वालों की सरकार है। आम आदमी के खाते में 15 लाख और दो करोड़ युवाओं को रोजगार, डॉलर को 40 रुपये के बराबर लाने जैसे कई झूठ केंद्र सरकार ने बोले। अब सुप्रीम कोर्ट से झूठ बोल रही है।