वाराणसी। नारी सुरक्षा दल (एंटी रोमियो स्क्वॉड) की 16 थानों की टीम ने शुक्रवार को शहर में अभियान चलाकर शोहदों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान 35 स्कूल-कॉलेजों के आसपास अनायास ही खड़े चार शोहदों का शांतिभंग के आरोप में चालान कर एक बाइक भी सीज की गई। इसके साथ ही 146 लोगों से पूछताछ कर उनका नाम-पता और मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज कर उन्हें भविष्य के लिए आगाह किया गया। स्कूल और कॉलेजों के पास स्थित चाय-पान के दुकानदारों को चेताया गया है कि वो अपनी दुकान पर अनावश्यक भीड़ न इकट्ठा न होने दें।
एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि अब यह अभियान प्रत्येक सप्ताह इसी तरह से अचानक चलाया जाएगा। पूरा प्रयास होगा कि शहर के प्रत्येक थाना क्षेत्र में स्थित इंटरमीडिएट स्कूल और कॉलेज तक नारी सुरक्षा दल की टीमें पहुंचे। साथ ही, छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानें। जिन लोगों को चेतावनी देकर रजिस्टर में नाम-पता नोट किया गया है, अगली बार वो फिर स्कूल-कॉलेज के आसपास चक्कर काटते पाए जाएंगे तो उनके अभिभावकों को जानकारी देते हुए उन पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।