वाराणसी। डाफी टोल प्लाजा पर व्याप्त अव्यवस्थाओं को 30 जून तक सही नहीं कराया गया तो प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। यह चेतावनी रविवार को डाफी टोल प्लाजा का निरीक्षण करने के बाद एसपी ट्रैफिक सुरेश चंद्र रावत ने महाप्रबंधक संजय कुमार को पत्र भेजकर दी है।
एसपी ट्रैफिक ने बताया कि विश्व सुंदरी पुल की ओर डाफी की ओर आने वाली लेन के डिवाइडर टूट गए हैं। इस वजह से वाहन गलत लेन में चले जाते हैं और जाम लगता है। वाहन लेन में चलें, इसके लिए कर्मचारी नहीं मौजूद रहते हैं। टोल प्लाजा पर एक वाहन से पथकर वसूली में एक मिनट का समय लग रहा है जबकि इस मार्ग से रोजाना 20 हजार वाहन आते-जाते हैं। एंबुलेंस सहित अन्य हल्के वाहनों के लिए डाफी की ओर से अलग लेन बनी है जबकि विश्व सुंदरी पुल की ओर से ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। टोल प्लाजा पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम नहीं है। पथकर वसूली की दरों का एकमात्र बोर्ड लगा है इसके चलते बूथ पर पहुंच कर वाहन सवार दर पूछते हैं। इन सारी अव्यवस्थाओं के कारण रोजाना डाफी टोल प्लाजा पर दो किलोमीटर लंबा जाम लगता है।
एसपी ट्रैफिक ने बताया कि टोल प्लाजा के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर कहा गया है कि व्यवस्थाओं को 30 जून तक दुरुस्त करा लिया जाए। वाहनों को निर्धारित लेन में चलने के लिए 10-10 वालंटियर तीन शिफ्ट में लगाए जाएं। टोल बूथ पर एक कर्मचारी की जगह दो को तैनात किया जाए। 30 जून के बाद फिर निरीक्षण किया जाएगा और यदि व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं तो टोल प्लाजा प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।