वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के मालगोदाम क्रासिंग गेट के समीप पुराने गोदाम में शुक्रवार की देर रात आग लग गई। सूचना पाकर फायर बिग्रेड की एक-एक कर दो गाड़ियां आईं और जेसीबी से गोदाम की एक तरफ की दीवार गिराई गई तब जाकर एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान मौके पर अफरातफरी की स्थिति रही।
मालगोदाम रेलवे क्रासिंग गेट के समीप स्थित पुराने गोदाम से रात 11:15 बजे के लगभग लोगों ने आग की लपटें उठते देखी तो आरपीएफ और जीआरपी को सूचना दी। मौके पर दमकल की दो गाड़ियां बुलाई गईं और जेसीबी से दीवार गिराकर रात 12:15 बजे के लगभग आग पर काबू पाया गया। इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर अनूप सिन्हा ने बताया कि नए प्लेटफार्म के निर्माण के लिए मालगोदाम को तोड़ा जा रहा है। पुराने गोदाम में प्लास्टिक, मालगाड़ी में इस्तेमाल होने वाला तिरपाल, सीमेंट की बोरी आदि रखी हुई थी और कुछ कबाड़ का भी सामान था। आग कैसे लगी अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं, मौजूद लोगों ने आशंका जताई कि किसी ने जलती बीड़ी-सिगरेट फेंक दी होगी।