वाराणसी। नगर निगम क्षेत्र में घूम रहे छुट्टा पशु परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। इन परेशानियों से छुटकारा पाने के लिए निगम पशुपालकों पर मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी में है। वैसे भी छुट्टा घूम रहे पशुओं को रखने की जगह नगर निगम के पास नहीं है और ना ही इन्हें अन्यत्र शिफ्ट करने का प्रबंध।
कुछ दिनों पहले शहर में कतिपय लोगों द्वारा छोड़ी गई गायों को लेकर नगर निगम ने अभियान चलाया था। इसके बाद उन पालकों को अपने पशुओं को बांधकर रखने के लिए नोटिस जारी हुआ था, लेकिन नोटिस का कोई असर न होने से नाराज नगर निगम प्रशासन अब उन पशुपालकों के खिलाफ कार्यवाई करने की तैयारी में है।
नगर निगम के पशु चिकित्सक डॉ. असलम अंसारी ने बताया कि इसके लिए चिन्ह्ति करीब 600 लोगों पर एफआईआर कराने की अनुमति नगर आयुक्त नितिन बंसल से मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि यह वह लोग हैं जो दूध निकालने के बाद गायों को सड़क पर घूमने के लिए छोड़ देते हैं। इससे सड़क पर यातायात अवरुद्ध होता है। वहीं इनकी लड़ाई से सड़कों पर आते-जाते राहगीर घायल भी हो जाते हैं।