सुरियावां। पाली-सुरियावां मार्ग पर मेढ़ी गांव में खेल मैदान के समीप बृहस्पतिवार अपराह्न करीब दो बजे स्कूली बस और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवकों गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, दूसरे युवक ने वाराणसी ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक जौनपुर जिले के निवासी थे।
जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के आशानंदपुर गांव निवासी मुसाफिर अली (32) पुत्र अली बक्स अंसारी और अब्दुल कलाम (28) पुत्र मखावत अली बृहस्पतिवार को बाइक से किसी काम से ज्ञानपुर आए थे। यहां से दोपहर बाद वह सुरियावां जा रहे थे। खरगपुर मेढ़ी मैदान के पास विपरित दिशा से आ रही ग्रीन ब्यू पब्लिक स्कूल, भदोही की बस से से उनकी बाइक भिड़ गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और यूपी 100 व एंबुलेंस के लिए फोन किया। कुछ देर बाद एंबुलेंस पहुंची तो दोनों को सीएचसी सुरियावां ले गए। हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान मुसाफिर अली की मौत हो गई जबकि अब्दुल कलाम को ट्रामा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया गया। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में अब्दुल कलाक की भी मौत हो गई। घटना की खबर मिलने पर परिवाररीजन रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। वहीं, सुरियावां पुलिस ने स्कूली बस और बाइक को कब्जे में लेकर बस चालक गुलाब चंद यादव को हिरासत में ले लिया। सीओ भदोही अभिषेक पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।