वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रोन 12 मार्च को काशी के घाटों की मनोरम छटा के साथ ही नृत्य-संगीत की प्रस्तुतियों का भी आनंद लेंगे। अस्सी घाट से शीतला घाट तक नौका विहार के दौरान अलग-अलग घाटों पर 1500 स्कूली बच्चे नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां देंगे।
पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्राध्यक्ष के स्वागत में घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत अस्सी घाट से शीतला घाट के बीच जैन घाट, हनुमान घाट और हरिश्चंद्र घाट समेत प्रमुख घाटों पर नृत्य, गायन और वादन के कार्यक्रम होंगे। इसमें निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज की 100 छात्राएं राजा घाट पर स्वच्छता गीत पर कथक नृत्य की प्रस्तुति देंगी। वहीं अन्य विद्यालयों के बच्चे गंगा घाटों पर झंडे लहराकर प्रधानमंत्री और फ्रांस के राष्ट्राध्यक्ष का स्वागत करेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ ही छात्र उनके स्वागत में होर्डिग्सि़ भी तैयार करेंगे। होर्डिग्सि़ अंग्रेजी, हिंदी और फ्रेंच भाषा में होंगे। डीआईओएस डॉ. ओपी राय ने बताया कि इसकी जिम्मेदारी सेंटर फॉर कल्चरल रिर्सोसेज एंड ट्रेनिंग (सीसीआरटी) द्वारा विद्यालयों में स्थापित 10 व्याख्यान केंद्रों को दी गई है।