बाबूसराय। औराई विकास खंड के सांसद आदर्श गांव यिक्रमपुर में सोमवार को ‘सरकार जनता के द्वार’ गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए कहा गया। मुख्य अतिथि सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने अफसरों से कहा कि वह अधीनस्थों के भरोसे कोई कार्य न छोड़े।
गोष्ठी का उद्घाटन सांसद के साथ जिलाधिकारी विशाख जी ने किया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया । सांसद ने कहा कि डीएम की नई पहल पर प्रदेश में एक नई परंपरा शुरू हुई, जो आम जन के लिए लाभदायक है। कहा कि अधिकारी से निर्धारित लाभार्थी परक योजनाओं को पात्रोँ तक पहुचाएं। ग्रामीणों से कहा कि आमदनी में बचत की परंपरा अवश्य डालेँ, परिवार टूटने से बचाने की जरूरत समाज की है, एकता बनाएं। एकता में ही हमारा विकास एवं तरक्की है। ग्रामीणों की मांग पर सांसद ने गांव में 30 सोलर, 10 स्ट्रीट लाइट, व्यायामशाला, दलित बस्ती में 200 मीटर इंटरलॉकिग का कार्य और पूर्व ब्लॉक प्रमुख शिवानंद दूबे की स्मृति में भव्य गेट बनवाने की घोषणा की। डीएम विशाख जी ने कहा कि किसी के परिवार में लड़की पैदा होती है तो एक पौधा अवश्य लगाएं, जिससे गांव हरा-भरा रहे। गांव को आदर्श बनाने के लिए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया। पेंशन से जुड़ी शिकायत में सुधार के लिए समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया। सीडीओ हरिशंकर सिंह ने कहा कि हर व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना शासन एवं प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके पूर्व सांसद प्रतिनिधि शैलेंद्र दूबे ने सांसद, डीएम और सीडीओ को बुके, स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। सांसद और डीएम ने विधि विधान से आंगनवाड़ी केंद्र का भूमिपूजन किया। इस मौके पर एसडीएम औराई केशव प्रसाद, देवेंद्र दूबे, प्रदीप सिंह, प्रशांत सिंह आदि मौजूद रहे।