वाराणसी। बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से खोले जाने वाले अंग्रेजी माध्यम के पांच हजार स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति की तैयारी में लगे अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी है। ऐसे अभ्यर्थी जिनको अंग्रेजी में बातचीत करने आदि में कठिनाई होती है, उन्हें आईआईटी बीएचयू में एक माह का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। आईआईटी की ओर से स्टार्ट अप यंग स्किल्ड इंडिया की ओर से इसकी शुरुआत 15 जनवरी से होगी।
आईआईटी की ओर से यह कदम एनसीईआरटी के उस सर्वे रिपोर्ट के बाद उठाया गया है, जिसमें यह सामने आया था कि बीएड करने के बाद भी अधिकतर शिक्षक अंग्रेजी पढ़ाने से कतराते हैं। इसको देखते हुए ही मालवीय नव प्रवर्तन केंद्र में चलने वाले इंग्लिश लैंग्वेज ट्रेनिंग के साथ ही अभ्यर्थियों को प्रोफेशनल स्किल्स के बारे में भी बताया जाएगा। यंग स्किल्ड इंडिया के संस्थापक और सीईओ नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि इसके लिए पंजीकरण शुरू हो गया है। यहां उन्हें इंग्लिश फ्लूएंसी, डिजिटल स्किल्स के साथ जॉब इंटरव्यू स्किल्स की भी ट्रेनिंग दी जाएगी। बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों को 15 मार्च तक होने वाले भर्ती प्रक्रिया में लाभ मिल सकता है। इसके लिए हेल्प लाइन नंबर 8009321506 पर भी जानकारी ली जा सकती है। शिक्षा का स्तर बढ़ाने व शिक्षकों की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के साथ भी करार की योजना हैं।