वाराणसी। धर्मगुरु दलाई लामा चार दिवसीय प्रवास पर शुक्रवार को काशी आ रहे हैं। वह केंद्रीय तिब्बती अध्ययन संस्थान के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में हिस्सा लेंगे। दलाई लामा ैदिल्ली से चलकर पूर्वाह्न 11:35 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से उनका काफिला दोपहर 12:20 बजे सारनाथ स्थित संस्थान परिसर पहुंचेगा।
कुलपति प्रो. गेशे नवांग समतेन के अनुसार धर्मगुरु दलाई लामा 30 दिसंबर को संस्थान में आयोजित ‘माइंड इन इंडियन फिलोसॉफिकल थॉट्स एंड मॉडर्न साइंस’ विषय पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में हिस्सा लेंगे। सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित सेमिनार को संबोधित भी करेंगे। 31 दिसंबर को पुन: सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक सेमिनार में शामिल होंगे।
एक जनवरी, 2018 को नए साल के पहले दिन संस्थान की 50वीं जयंती पर सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक आयोजित समारोह में शिरकत करेंगे। इसी दिन दोपहर डेढ़ बजे वह बाबतपुर एयरपोर्ट से चार्टर्ड प्लेन से बोध गया रवाना हो जाएंगे।
दलाई लामा संस्थान के गेस्ट हाउस में ही ठहरेंगे। प्रवास के दौरान धर्मगुरु की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आईबी सहित अन्य खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों ने सारनाथ इलाके में सक्रियता बढ़ा दी है। एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि धर्मगुरु की सुरक्षा के लिए आई सिक्योरिटी एजेंसियों के साथ बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। चीन के नागरिकों पर पैनी नजर रखी जा रही है।