वाराणसी। लंका थाना अंतर्गत नरिया क्षेत्र की पांचवीं की छात्रा के पिता ने बुधवार को पुलिस को तहरीर दी कि छेड़खानी के बाद रामनगर निवासी शोहदे के आतंक से उनकी बेटी ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। इस सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने देर शाम लंका स्थित ऑटो स्टैंड से आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार कूड़ा फेंकने के विवाद में हुई मारपीट को गलत तरीके से तूल दिया जा रहा है।
पांचवीं की छात्रा के पिता का आरोप है कि 26 दिसंबर की शाम उनकी बेटी कूड़ा फेंकने गई तो लौटते समय रामनगर निवासी युवक ने रास्ते में उसके साथ छेड़खानी की। शोर मचाने पर युवक को पकड़ने की कोशिश की गई तो वह भाग निकला। 27 दिसंबर की शाम रामनगर निवासी युवक घर में घुस आया और छात्रा की नानी ने पकड़ने की कोशिश की तो डंडे से उसके सिर पर वार किया। इसके बाद उसका भाई घर पर आया और जान से मारने की धमकी दिया। इससे पूरा परिवार भयभीत है और किशोरी ने स्कूल जाना छोड़ दिया। इस संबंध में लंका थानाध्यक्ष संजीव मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश से जिले के कक्षा एक से पांच तक के स्कूल के बंद हैं तो बच्ची आखिरकार कहां पढ़ने जाएगी। हिरासत में लिया गया युवक नरिया में अपने मामा के यहां रहता है। कूड़ा फेंकने का विवाद बढ़ा तो उसकी पिटाई छात्रा के परिवारीजनों ने की। मामला मैनेज करने की कोशिश की गई तो बात नहीं बनी। छात्रा ने जो बताया और उसके पिता की तहरीर में काफी अंतर है। छात्रा के बयान के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।