वाराणसी। रामजन्म भूमि के गर्भगृह की मिट्टी रविवार को काशी पहुंची। वरुणानगरम् कॉलोनी स्थित विशाल भारत संस्थान में हवन पूजन के बाद राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया गया। मुख्य अतिथि पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर बालक दास ने बताया कि मिट्टी का कलश शहर के सभी मुहल्लों में जाएगा और मंदिर निर्माण के लिए समर्थन जुटाया जाएगा। उन्होंने बताया कि हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग एक साथ इस इसके लिए चंदा इकट्ठा करने का कार्य करेंगे। बाद में संयुक्त रूप से यह कलश अयोध्या लेकर जाएंगे।
मौका था, काशी की गंगा जमुनी तहजीब को मजबूती प्रदान करने वाले मोहम्मद वसी की छठवीं पुण्यतिथि का। इस अवसर पर कुरानख्वानी, गीतापाठ, अनाज वितरण तथा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मोहम्मद वसी की स्मृति के बहाने सांप्रदायिक सद्भावना के प्रयास, अखंड भारत के सपने और राममंदिर निर्माण में मुसलमानों की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा हुई। महंत बालक दास ने कहा कि सभी चाहते हैं कि अयोध्या में मंदिर निर्माण हो। अध्यक्षता करते हुए डॉ. गिरीश दूबे ने कहा कि मुसलमान एक-एक रुपया जोड़कर राम मंदिर का निर्माण कराएंगे। संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि अखंड भारत के निर्माण में सबकी सहभागिता जरूरी है। संगोष्ठी का संचालन अर्चना भारतवंशी ने किया और धन्यवाद नजमा परवीन ने दिया। कार्यक्रम में नाजनीन अंसारी, मो. अजहरुद्दीन, राशिद भारतवंशी, बृजेश, शिवेंद्र, धनंजय, उमा, विद्या, दीपाली, रेखा देवी, अहसीन आदि मौजूद रहीं।