वाराणसी। चार घंटे से ज्यादा समय तक सिगनल फेल होने की वजह से कैंट रेलवे स्टेशन से आने और जाने वाली दर्जनभर से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित रहीं। ट्रेनों को मेमो पर चलाया गया। सिगनल फेल होने का व्यापक असर ट्रेनों के परिचालन पर पड़ा।
शनिवार की सुबह 9:25 बजे काशी और बनारस के मुख्य स्टेशन के ब्लॉक इंस्ट्रूमेंट फेल हो गए। इसके चलते सिगनल व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई। ऐसे में ट्रेनें जहां की तहां खड़ी हो गईं। बाद में मेमो पर ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ। जहां वाराणसी से चलने वाली ट्रेनें वाराणसी-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, महानगरी आदि ट्रेनों के परिचालन में समस्या आई तो वहीं बाहर से आ रही ट्रेनें भी यार्ड में खड़ी देखी गई। अचानक पैदा हुई इस समस्या से रेल महकमे में हड़कंप मच गया। बड़ी मशक्कत के बाद दोपहर पश्चात लगभग पौने दो बजे सिगनल व्यवस्था बहाल हुई। इसके चलते मुजफ्फरपुर से आने वाली सद्भावना एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, मैसूर-वाराणसी एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, पंजाब एक्सप्रेस, विभूती एक्सप्रेस, बेगमपुरा एक्सप्रेस, ताप्तीगंगा और बुंदेलखंड सहित कई ट्रेनें प्रभावित रहीं। इसका सीधा असर रेलों के परिचालन और यात्रियों पर दिखा।