वाराणसी। कर्नाटक मेडिकल एसोसिएशन की ओर से कर्नाटक प्राइवेट मेडिकल एस्टेब्लिशमेंट अमेंडेंट बिल के विरोध में किए जा रहे आंदोलन का इंडियन मेडिकल एसोसिएशन बनारस शाखा ने समर्थन किया है। आईएमए सभागार में हुई आम सभा की बैठक में इसका निर्णय लिया गया है। समर्थन में शनिवार को आईएमए के सभी सदस्य काली पट्टी बांधकर विरोध जताएंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अरविंद सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी सदस्यों ने एक स्वर से कर्नाटक सरकार द्वारा इस बिल को लाए जाने के फैसले का विरोध किया। साथ ही इसे चिकित्सकों के साथ-साथ आम जन के बीच बढ़ती दूरियों और विश्वास में प्रतिकूल कृत्य बताया। डॉ. अरविंद सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर शनिवार को सभी सदस्य विरोध में काला फीता बांधकर काम करेंगे। सचिव डॉ. मनीषा सिंह ने बताया कि सरकार की ओर से लाया जा रहा यह बिल चिकित्सकों के हित में नहीं है और अव्यवहारिक कदम है। बैठक में इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री, कर्नाटक के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कार्यवाही की मांग करने का भी निर्णय हुआ।