शिवपुर/वाराणसी। राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार भूमि उपलब्ध करा दे तो वह अपनी निधि से प्रवासी भारतीय भवन और भोजपुरी माई मंदिर की स्थापना करा देंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए वे 50 लाख रुपये देंगे। वे शनिवार को बड़ालालपुर स्थित जीवनदीप शिक्षण समूह परिसर में आयोजित विश्व प्रवासी भारतीय सम्मेलन के दूसरे दिन प्रवासी और आप्रवासी भारतीयों को संबोधित कर रहे थे। बताया कि जमीन के लिए डीएम से भी वार्ता की है।
उन्होंने कहा कि पूर्वांचल ने कई प्रधानमंत्री दिए मगर आज भी यहां पिछड़ापन है। पूर्वांचल के तमाम लोग मुंबई में रिक्शा और टैक्सी चलाकर अपनी जीविका चलाते है। वहां भी बाहरी बताकर प्रताड़ित किया जाता है। उन्होंने कहा कि अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा यूपी से हैं। उन्हें बनारसी साड़ी की ब्रांडिंग करनी चाहिए।
भोजपुरी फिल्म एवं टेलीविजन एसोसिएशन के उपाध्यक्ष और बिहारी कनेक्शन के अध्यक्ष उदेश्वर कुमार सिंह ने भी प्रवासी भवन में मदद देने की पेशकश की। भारत में मॉरीशस के उच्चायुक्त जगदीश गोवर्धन, त्रिनिदाद एंड टोबैगो के उच्चायुक्त देव सी प्रसाद, फिजी के उच्चायुक्त अजरीन शबनम खां ने कहा कि दोनों देशों के सांस्कृतिक आदान-प्रदान के साथ युवाओं को आने-जाने की व्यवस्था कि जाएगी। वे एक-दूसरे की कला, संस्कृति, साहित्य, शिक्षा से परिचित हो सकेंगे। इस दौरान नन्हें सिंह, जनार्दन पांडेय, शैलेश त्रिवेदी, डॉ. ममता सिंह, डॉ. अजय तिवारी, उदेश्वर कुमार सिंह, डॉ. शिविन डॉ. वीके सिंह, शैलेश श्रीवास्तव को समाज सेवा के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जीवनदीप समूह के चेयरमैन अशोक सिंह ने किया।