दीपक मधोक का बयान दर्ज, डेढ़ घंटे पूछताछ
- सनबीम स्कूल वरुणा में छात्र प्रशांत पांडेय की संदिग्ध हाल में हुई मौत का मामला
- स्कूल प्रबंधन और कर्मचारियों के विरुद्ध शिवपुर थाने में दर्ज है हत्या का मुकदमा
वाराणसी। सनबीम स्कूल वरुणा परिसर में छात्र प्रशांत पांडेय की संदिग्ध हाल में हुई मौत के मामले में बुधवार को स्कूल के चेयरमैन दीपक मधोक का बयान क्षेत्राधिकारी कैंट केे सामने दर्ज हुआ। लगभग डेढ़ घंटे तक दीपक मधोक से पुलिस ने पूछताछ की। मामले में अब सनबीम स्कूल वरुणा के प्रशासक का बयान दर्ज किया जाएगा।
प्रशांत के पिता अभियोजन अधिकारी प्रजेश कुमार पांडेय की तहरीर पर सनबीम स्कूल वरुणा प्रबंधन और कर्मचारियों के खिलाफ शिवपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। बीते 24 अगस्त की दोपहर सनबीम स्कूल वरुणा की हॉस्टल बिल्डिंग के समीप 12वीं का छात्र प्रशांत पांडेय खून से लथपथ पड़ा था। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान कुछ घंटों बाद ही प्रशांत की मौत हो गई थी।
स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर तफ्तीश में जुटी पुलिस ने बताया कि हॉस्टल बिल्डिंग की छत से प्रशांत नीचे गिरा था। मगर, घटना के 42 दिन बाद भी पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर पा रही है कि आखिरकार प्रशांत हॉस्टल की छत से कैसे गिरा और इसकी वजह क्या थी। कौन दोषी है, पुलिस यह भी नहीं निर्धारित कर पा रही है।
इस बारे में क्षेत्राधिकारी कैंट राकेश कुमार नायक ने बताया कि सनबीम स्कूल की प्रिंसिपल और शिक्षिका का बयान पहले ही दर्ज किया जा चुका है। स्कूल के चेयरमैन दीपक मधोक को नोटिस भेजकर बुलाया गया था। डेढ़ घंटे हुई पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह 24 अगस्त को शहर से बाहर थे। उनका बयान दर्ज कर लिया गया है। अब स्कूल के प्रशासक को बुलाकर पूछताछ की जाएगी। छानबीन में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।