लखनऊ विश्वविद्यालय की ओर से 22 अप्रैल को कराई जाने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए जिले में 53 केंद्र बनाए गए हैं। दो पालियों में आयोजित परीक्षा में 26508 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। मंगलवार को गांधी अध्ययन पीठ में हुई बैठक में तैयारियों पर चर्चा की गई। इस मौके पर परीक्षा केंद्रों की सूची को अंतिम रूप देने के साथ ही केंद्राध्यक्षों, परीक्षकों की तैनाती को अंतिम रूप दिया गया।
लखनऊ से आए पर्यवेक्षकों ने जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों की मौजूदगी में तैयारियों की समीक्षा की। नोडल समन्वयक प्रो. संजय कुमार ने बताया कि परीक्षा के दिन कोषागार से सुबह चार बजे नोडल अधिकारी, नोडल समन्वयक, उप समन्वयकों की मौजूदगी में पेपर निकाले जाएंगे। यहां से मजिस्ट्रेट (केंद्र प्रतिनिधि) की निगरानी में परीक्षा केंद्रों में पेपर पहुंचाए जाएंगे। कहा कि परीक्षा की शुचिता को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक का संचालन डॉ. निरंजन सहाय ने किया। अतिथियों का स्वागत नोडल समन्वयक प्रो. संजय और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शैलेंद्र कुमार वर्मा ने किया।
इस दौरान पर्यवेक्षक डॉ. अमित कुमार त्रिपाठी और डॉ. एनबी शुक्ला के साथ ही विद्यापीठ के कुलसचिव ओम प्रकाश, एडीएम सिटी विंध्यवासिनी राय और सीओ चेतगंज अनुराग आर्या आदि मौजूद थे।