वाराणसी। फु लवरिया, भिटारी और महेशपुर क्षेत्र में डेढ़ माह से हो रही अनियमित विद्युत कटौती से परेशान ग्रामीण शनिवार को चांदपुर विद्युत उपकेंद्र पर शिकायत करने पहुंचे तो एसडीओ ने उनसे अभद्रता कर दी। इससे नाराज ग्रामीण हंगामा और नारेबाजी की। बाद में एसडीओ ने माफी मांगी।
उपभोक्ताओं के अनुसार, फुलवरिया, भिटारी सहित आसपास इलाकों में करीब डेढ़ माह से अनियमित बिजली कटौती की जा रही है। जब बिजली आती है तो लो वोल्टेज की समस्या रहती है। काफी नीचे तक लटकते तारों से हादसे का खतरा बना हुआ है। इन्हीं समस्याओं के निस्तारण के लिए शनिवार को वह चांदपुर विद्युत उपकेंद्र पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत करने पर उपखंड अधिकारी सर्वेश शुक्ला ने दुर्व्यवहार किया।
इससे ग्रामीणों का गुस्सा और भड़क गया। विरोध में उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी और एसडीओ को भी जमकर खरीखोटी सुनाई। हंगामा बढ़ते देख उन्होंने दुर्व्यवहार के लिए तेज धूप को दोषी बताया और माफी मांगी। साथ ही उनकी मांगों पर शीघ्र विचार कर निराकरण कराने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों का नेतृत्व पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि दिलीप मिश्रा कर रहे थे। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से गुप्तेश्वर, सुशील, संजीव, गोविंदा, श्याम सुंदर, शिवाजी, योगेंद्र, स्वामी, अरुण और राहुल आदि शामिल रहे। उधर, एसडीओ ने ऐसी किसी घटना से इंकार किया है।