चौबेपुर। जयरामपुर गांव में न्यू बेनसन इंग्लिश स्कूूल के बच्चों को लेकर जा रही मैजिक शुक्रवार की सुबह बिजली के खंभे से टकरा कर पलट गई। हादसा होते ही बच्चों की चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चों को आननफानन में बाहर निकाला और समीप के अस्पताल पहुंचाया। हादसे में आठ बच्चों को चोट आई है और सभी भयभीत दिखे। घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना था कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर स्कूलों में वाहन चलाए जा रहे हैं, जो हादसे का कारण बन रहे हैं।
चौबेपुर थाना अंतर्गत जयरामपुर गांव में बच्चों को लेकर जा रही मैजिक का टायर अचानक पंचर हो गया। इससे अनियंत्रित हुई मैजिक पलट कर बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में शिवम (12), निशा (10), ईशा (8), तन्मय (8), रिया (7), आर्य (9) और रोहित (10) घायल हो गए। स्थानीय लोगों का कहना था कि ड्राइवर तेज गति से मैजिक चला रहा था। जिसकी वजह से वाहन से उसने नियंत्रण खो दिया। संयोग अच्छा था कि बिजली का खंभा आधा टूट कर लटक गया। अगर खंभा मैजिक पर गिरता तो बड़ा हादसा होता। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सूचना देकर तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई।