वाराणसी। सेंट्रल हिंदू स्कूल (बालक एवं बालिका) में दाखिले के लिए गुुरुवार से शुरू प्रवेश परीक्षा के दूसरे दिन 11वीं जीव विज्ञान में 15231 परीक्षार्थी शामिल हुए। बीएचयू परिसर समेत 29 केंद्रों पर सुबह 8 से 10 बजे तक हुई परीक्षा में पंजीकृत 18703 में 3472 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
सेंट्रल हिंदू स्कूल में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसको लेकर विद्यालय की कक्षा 11वीं, नौवीं और कक्षा छह की प्रवेश परीक्षा कराई जा रही है। इसके पहले गुरुवार को कक्षा 11 कला-वाणिज्य वर्ग की परीक्षा हुई। शुक्रवार को दूसरे दिन की परीक्षा में बनारस, मिर्जापुर, आजमगढ़, बलिया, जौनपुर, मऊ से लेकर गोरखपुर तक के परीक्षार्थी शामिल हुए। इसमें अधिकांश अभ्यर्थी तो सुबह 6 बजे ही केंद्र पर पहुंच गए। 18 हजार में 6 हजार से अधिक परीक्षार्थी तो बीएचयू कैंपस में थे, जिससे परीक्षा छूटने के बाद सिंह द्वार के बाहर करीब आधे घंटे तक जाम लग गया।