वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अप्रैल के वाराणसी में रोड शो से एक दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह तीन दिवसीय प्रवास पर काशी आएंगे। पहले दिन महमूरगंज में तैयार अत्याधुनिक केंद्रीय चुनाव कार्यालय और कैंटोंमेंट स्थित एक होटल में मीडिया सेंटर का उद्घाटन करेंगे। दूसरे और तीसरे दिन वह मोदी के कार्यक्रमों में उनके साथ रहेंगे।
वाराणसी संसदीय सीट के लिए 22 अप्रैल को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन शुरू हो जाएगा। 29 अप्रैल तक यह प्रक्रिया चलेगी। पीएम वाराणसी सीट से 26 अप्रैल को नामांकन करेंगे। एक दिन पहले वह लंका से गोदौलिया तक रोड शो करेंगे।
पीएम के चुनाव की कमान संभाल चुके शाह 24 अप्रैल को वाराणसी पहुंच जाएंगे। यहां चुनाव कार्यालय और मीडिया सेंटर का उदघाटन करने के बाद वार रूम में पहली बैठक करेंगे। इसके बाद वह पीएम के रोड शो और नामांकन की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। पार्टी सूत्रों की मानें तो शाह 24 अप्रैल की शाम बूथ स्तर पर मतदान के लिए चिह्नित किए गए चार हजार कार्यकर्ताओं से संवाद भी करेंगे।