वाराणसी। शहर से लेकर गांव तक बिजली की समस्या सुधरने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को भी कई क्षेत्रों में सुबह से ही बिजली गुल रही। समस्या तब और गंभीर हो गई जब डुबकिया पावर ग्रिड में लगे ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इसके चलते शहर के दो तिहाई इलाके के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के कई इलाकों में बिजली गुल रही।
शहर के कई इलाकों में ट्रिपिंग की समस्या आम हो गई है। मंडुवाडीह, चांदपुर, लहरतारा, डीरेका के आसपास के इलाकों में पूरे दिन बिजली आती जाती रही। वहीं कज्जाकपुरा, बेनिया आदि क्षेत्रों में भी बिजली की लुपा छिपी चलती रही। डुबकिया पावर ग्रिड में आग की वजह से तीन घंटे तक शहर व ग्रामीण क्षेत्र के ज्यादातर इलाकों में बिजली सप्लाई बाधित हो गई।
इसके अलावा गाजीपुर, जौनपुर, मऊ, आजमगढ़ के कई क्षेत्रों में भी तीन घंटे तक बिजली कटी रही। डुबकिया पावर ग्रिड में लगी आग के चलते कई उपकेंद्रों से बिजली सप्लाई बाधित रही। लेढ़ूपुर उपकेंद्र से जुड़े शक्तिपीठ, काशी, कज्जाकपुरा, मछोदरी, मैदागिन, चौक, पांडेयपुर, दौलतपुर, सांस्कृतिक संकुल व आस पास का इलाका प्रभावित रहा। इसी प्रकार कैंट उपकेंद्र से तरना बड़ालालपुर, न्यू बड़ालालपुर, पन्ना लाल पार्क, बेनियाबाग, काशी विद्यापीठ, नगर निगम, लोहता, भट्ठी, दशाश्वमेध, गोदौलिया, रथयात्रा, मंडुवाडीह, चांदपुर क्षेत्र, कैंट रेलवे स्टेशन की बिजली गुल रही। इसके अलावा राजातालाब, करखियांव, उगापुर, कैथी व आस पास के क्षेत्र, सैदपुर, जौनपुर के कुछ इलाके, आजमगढ़ और मऊ के कुछ क्षेत्र में बिजली व्यवस्था तीन घंटे तक ध्वस्त रही।