वाराणसी। महिला यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर सुविधा को ध्यान में रखते हुए लखनऊ से वाराणसी के बीच पिंक बस सेवा मंगलवार से शुरू हो गई। दोपहर बाद कैंट स्थित रोडवेज बस अड्डे पर पहुंची यह पिंक बस लोगों के आकर्षकण का केंद्र रही।
लखनऊ से सुबह नौ बजे यह बस वाराणसी के लिए निकली। जौनपुर होते हुए वाराणसी के चौधरी चरण सिंह बस अड्डे पर दोपहर बाद साढ़े तीन बजे पहुंची। शाम चार बजे फिर लखनऊ के लिए रवाना हो गई। लखनऊ से आठ यात्री वाराणसी आए तो वहीं नौ यात्री प्रदेश की राजधानी के लिए रवाना हुए। रोडवेज बस अड्डे पर गुलाबी रंग की बस के पहुंचते ही सभी यात्रियों की नजर इस पर टिक गई। कई पुरुष यात्रियों ने इससे सफर करने की इच्छा जाहिर की पर केवल महिला यात्रियाें या उनके सहयात्री पुरुषों के लिए आरक्षित होने के चलते उनको सफलता नहीं मिली। इसमें महिला कंडक्टर की तैनाती की गई है।
पिंक बस में यह मिलेगी सुविधा
- पिंक बसों में महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला कंडक्टर की तैनाती होगी। महिलाओं के साथ सहयात्री के तौर पर पुरुष भी पिंक बसों में यात्रा कर सकेंगे। इन बसों में आपात स्थिति जैसे छेड़छाड़, लूटपाट, हाइजैकिंग, रोडहोल्डप, दुर्व्यवहार, आग लगने या अचानक बीमार होने की स्थिति में मदद के लिए ‘पैनिक बटन’ लगाया गया है जो इंटरसेप्टर सेवा और 100 डॉयल सेवा से जुड़ा रहेगा। किसी आपात स्थिति में महिला यात्री द्वारा इस बटन को दबाते ही पुलिस को इसकी सूचना मिल जाएगी।