वाराणसी। बीएसएफ से बर्खास्त सिपाही तेज बहादुर यादव वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि 27 अप्रैल को नामांकन में ढाई हजार सेना के जवान वर्दी पहन कर शामिल होंगे।
पराड़कर भवन में पत्रकार वार्ता में तेज बहादुर यादव ने कहा कि भ्रष्टाचार सबसे बड़ा मुद्दा है और इसी मुद्दे पर चुनाव लडूंगा। हार जीत के लिए नहीं, बल्कि सरकार को आईना दिखाने के लिए चुनाव मैदान में उतरूंगा। सैनिकों के हितैषी होने का दावा करने वाली सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया। कई राजनीतिक दलों का समर्थन मिलने का दावा करते हुए कहा कि उन्हें सुभासपा, जनशक्ति पार्टी और आम आदमी पार्टी का सहयोग मिलेगा। उन्होंने प्रचार अभियान की शुरुआत डोर टू डोर वोट मांगकर की। पहले भी तेज बहादुर यादव ने ट्विटर पर वाराणसी से चुनाव लड़ने की घोषणा की थी।
यहां बता दें कि तेज बहादुर यादव का 2017 में जवानों को मिलने वाले खराब खाने को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद इन्हें बर्खास्त कर दिया गया था।