वाराणसी। गौरव सिंह की हत्या के बाद पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है। तय किया गया है कि प्रॉक्टोरियल बोर्ड और पुलिस की संयुक्त टीम बिड़ला ए, बी, सी और लालबहादुर शास्त्री हॉस्टल में प्रति सप्ताह औचक छापेमारी किया करेगी। हॉस्टल में जो भी बाहरी छात्र मिलेंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि गौरव की हत्या के आरोपी कुमार मंगलम और उसके दोस्तों का गैंग पंजीकृत होगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में हत्या कर जिले की शांति और कानून व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश की गई है। इसलिए सभी आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को संस्तुति की जाएगी। बीएचयू प्रशासन द्वारा निष्कासित 18 छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमों में प्रभावी पैरवी कर अदालत से सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। गौरव की हत्या की साजिश रचने के आरोप में चीफ प्रॉक्टर प्रो. रोयाना सिंह के खिलाफ दर्ज मुकदमे के बारे में एसएसपी ने कहा कि विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।