वाराणसी। सिगरा या कैंटोनमेंट क्षेत्र में विस्फोट की धमकी के बाद पूरे दिन सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर रहीं। पूरे दिन रेलवे स्टेशन, रोडवेज सहित शहर के प्रमुख स्थलों पर जांच अभियान चलते रहे। कई क्षेत्रों की सतर्कता बढ़ा दी गई है। शुुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस नंबर से धमकी भरा फोन आया, वह इलाहाबाद के फूलपुर के पते पर लिया गया है।
सुबह 5:26 बजे जिले के कंट्रोल रूम में फोन आया कि वाराणसी क्षेत्र में आधे घंटे के भीतर विस्फोट होगा। आधे घंटे बाद फिर से उसी नंबर से फोन आया कि सिगरा या कैंट क्षेत्र में विस्फोट होगा। फोन के बाद सभी जांच एजेंसियां हरकत में आ गईं। पूर्व में कैंट स्टेशन पर हो चुकी विस्फोट की घटना को ध्यान में रखते हुए आसपास के थानों की फोर्स व बम निरोधक दस्ता स्टेशन पहुंच गया। वायरलेस पर संदेश गूंजने लगे। जीआरपी और आरपीएफ भी जांच में जुट गई। शाम छह बजे से रात नौ बजे तक कैंट रेलवे स्टेशन पर जांच की गई। रोडवेज बस स्टैंड पर भी गहन चेकिंग अभियान चलाया गया। साथ ही घाट, होटलों आदि में तलाशी ली गई। संदिग्ध वस्तुओं की जांच के साथ लोगों से पूछताछ भी की गई। मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। कॉल आने के बाद से फोन स्विच ऑफ है।
एयरपोर्ट पर भी अलर्ट
बाबतपुर। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा को लेकर अलर्ट जारी होने के बाद यहां की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। एयरपोर्ट बिल्डिंग के बाहर सीआईएसएफ की टीमों नेपेट्रोलिंग तेज कर दी है। यात्रियों को छोड़ने आने वाले संबंधियों को भी डिपार्चर पर ज्यादा देर तक रुकने नहीं दिया जा रहा है। डिपार्चर गेट पर रैंडम चेकिंग की जा रही है। पहले रैंडम चेकिंग जहां 10 प्रतिशत थी, उसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया गया है। प्रोफाइलिंग को भी बढ़ा दिया गया है। खुफिया व सीसीटीवी नेटवर्किंग को भी सतर्क किया गया है। सिक्योरिटी होल्ड एरिया में सीआईएसएफ जांच कर रही है। सुरक्षा होल्ड एरिया में चेकिंग सिस्टम बैगेज प्रोफ ाइलिंग को और भी मजबूत कर दिया गया है। सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट सुब्रत झा ने बताया कि एयरपोर्ट पर अलर्ट के बाद सुरक्षा को और मजबूत कर दिया गया है। क्विक रिस्पांस टीम को भी सतर्क कर दिया गया है।