वाराणसी। सिटी केबल नेटवर्क द्वारा उपभोक्ताओं का आर्थिक उत्पीड़न किया जा रहा है। ट्राई की ओर से कहा गया है कि एक फरवरी से देश में लागू नई टैरिफ की जगह 31 मार्च तक पुरानी स्थिति को बरकरार रखते हुए बेस्ट टू फिट प्लान बना कर 31 जुलाई तक उसे धीरे-धीरे लागू कराएं। यह बातें बनारस केबल नेटवर्क कल्याण समिति से जुड़े आपरेटरों ने बुधवार को सिटी केबल के आफिस में कहीं। इसके बाद केबल ऑपरेटरों ने जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह से मुलाकात की। जिलाधिकारी ने उन्हें आश्वस्त किया है कि यदि ट्राई के नियमानुसार सिटी केबल नहीं संचालित किया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
केबल ऑपरेटर संदीप पंड्या ने बताया कि ओवाईसी को पूरा किए बगैर सिटी केबल ने उपभोक्ताओं के टीवी स्क्रीन से पे चैनल गायब कर दिया। इससे परेशान होकर कुछेक उपभोक्ताओं ने केबल ऑपरेटरों से संपर्क कर पसंदीदा चैनल का चुनाव कर उसका भुगतान किया। इसके बावजूद उपभोक्ता पूरे चैनल नहीं देख पा रहे हैं और गुस्से का शिकार ऑपरेटर हो रहे हैं। मंगलवार को ट्राई की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार उपभोक्ताओं को बेस्ट टू फिट प्लान दिया जाना है और फिलहाल पुरानी स्थिति बरकरार रहेगी। बावजूद इसके उपभोक्ताओं से नयी व्यवस्था के तहत रुपया लेकर उनका आर्थिक उत्पीड़न किया जा रहा है। इससे पहले बैठक में और जिलाधिकारी से मुलाकात करने वालों में बनारस केबल नेटवर्क कल्याण समिति के अध्यक्ष रामअनुज सिंह, शैलेष सिंह, अनिल गुप्ता, प्रशांत चौबे, विनोद पांडे, आत्माराम पांडे, पिंटू सिंह सहित कई अन्य केबल आपरेटर शामिल रहे। वहीं, इस संबंध में सिटी केबल के एमएसओ आलोक पारिख ने बताया कि ट्राई की नई विज्ञप्ति को लेकर केबल आपरेटरों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। बातचीत के माध्यम से मसले का समाधान किया जाएगा। उपभोक्ताओं की सुविधा हमारी शीर्ष प्राथमिकता में शामिल है।