वाराणसी। चौक थाना में दालमंडी निवासी शाहरुख के खिलाफ रंगदारी मांगने के आरोप में मंगलवार की रात मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई हड़हा निवासी व्यापारी सुनील कुमार निगम की तहरीर पर की है।
चौक थाने पहुंचे सुनील ने पुलिस को बताया कि वो राजादरवाजा स्थित अपनी दुकान पर मौजूद थे। मंगलवार की शाम सवा चार बजे के लगभग उनके मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि दालमंडी से शाहरुख बोल रहा हूं। मेरे खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे में समझौता कर लो और रुपये की व्यवस्था करो। सुनील के अनुसार कॉल करने वाले ने कहा कि रुपये की व्यवस्था न करने पर उसके जीजा मोहन लाल निगम के जैसे ही उसकी भी हत्या कर दी जाएगी। सुनील ने कहा कि धमकी भरी कॉल से वो और उनका परिवार भयभीत है। उन्होंने पुलिस से जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।