राजातालाब। स्थानीय सब्जी मंडी में सब्जियों की कीमत काफी गिर गई है। इससे किसानों की लागत नहीं निकल पा रही है। साहूकारों से कर्ज लेकर खेती करने वाले किसानों की परेशानी ज्यादा बढ़ गई है।
करीब दो सप्ताह से राजातालाब सब्जी मंडी में सब्जियों के रेट काफी गिरे हैं। उत्पादन के बाद सब्जी को रोका नहीं जा सकता इसलिए किसान किसी भी मूल्य पर बेचने को मजबूर है। सब्जी मंडी में गोभी दो रुपये फूल बिक रहे हैं। जबकि मटर 5 से 7 किलो की दर से खरीदा जा रहा है। मिर्च की कीमत भी 12 से 14 किलो ही है। वहीं टमाटर 2 से 4 रुपये प्रति किलो और बैगन 4 से 5 रुपये प्रति किलो, मूली 4 रुपये किलो, गाजर 5 से 7 रुपये किलो की दर से बिक रही है। सब्जी उत्पादक किसान कन्हैया पटेल, मुकेश, विजय, रामनाथ, हरिहर आदि ने बताया कि इस मूल्य पर सब्जी बेचकर लागत नहीं निकल पा रही है। आढ़तिया ललित पटेल, संतोष पटेल, शिव शंकर पाठक ने बताया कि सब्जियों की आवक इस समय ज्यादा है। बाहर सप्लाई कम है। इससे कीमत कम हो गई है।