वाराणसी। कैंट थाना अंतर्गत टकटकपुर से सोमवार को मुठभेड़ के बाद एसटीएफ ने 25 हजार के इनामी बदमाश सीरगोवर्धनपुर निवासी अनिल यादव उर्फ कल्लू को गिरफ्तार किया। कल्लू के पास से एक देसी पिस्टल, दो कारतूस और मोबाइल बरामद कर उसे कैंट थाने की पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।
एसटीएफ की वाराणसी इकाई के डिप्टी एसपी विनोद सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि टकटकपुर चौराहा के समीप अनिल यादव उर्फ कल्लू अपने एक साथी के साथ मौजूद है। इस सूचना पर इंस्पेक्टर विपिन कुमार राय और अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में एसटीएफ की टीम मौके पर पहुंची। कल्लू की घेरेबंदी की गई तो उसने दो राउंड फायरिंग की लेकिन वो पकड़ लिया गया। वहीं, कल्लू का साथी मौके से भाग निकला। पूछताछ में कल्लू ने बताया कि 2014 में रवि साहनी को उसने गोली मारी थी और जेल गया। इसी दौरान अपराधियों की संगत में आया और 2016 में सीरगोवर्धनपुर निवासी राजेश यादव की हत्या के बाद से जेल में निरुद्ध था। लगभग तीन माह पहले जेल से छूटने के बाद अपने साथी सुदीप यादव उर्फ गोलू और सत्यम सिंह के साथ सितंबर 2018 में लंका क्षेत्र के लौटूबीर मंदिर के समीप ट्रक चालक को गोली मार कर 56 हजार रुपये लूट लिया था। इसके बाद एक .32 बोर की एक देसी पिस्टल खरीदा और मुंबई रह रहा था। सीरगोवर्धनपुर और डाफी बाईपास क्षेत्र में वर्चस्व कायम कराने के इरादे से एक अपराधी की हत्या करने आया था लेकिन उससे पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया।