शाहजहांपुर/रोजा। डाउन काशी-विश्वनाथ एक्सप्रेस से उछल कर पत्थर बरेली-बनारस एक्सप्रेस के इंजन के वॉच ग्लास से टकरा गया। इससे लोको पायलट बाल-बाल बच गया। शनिवार शाम बरेली-बनारस एक्सप्रेस को बनथरा में स्टॉप देकर सुपरफास्ट काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को पास कराया जा रहा था। इसी दौरान हादसा हुआ। बाद में बरेली-बनारस एक्सप्रेस को इसी स्थिति में यहां से पास करा दिया गया। लखनऊ में वॉच ग्लास बदला गया।
डाउन-14236 बरेली-बनारस एक्सप्रेस को शनिवार शाम बनथरा स्टेशन पर स्टॉप देकर इसके पीछे आ रही डाउन-14258 काशी-विश्वनाथ एक्सप्रेस को पास कराया जा रहा था। बरेली-बनारस एक्सप्रेस यार्ड में लूप लाइन पर खड़ी थी। इसी दौरान शाम करीब 5:58 बजे यहां से तेज रफ्तार काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस गुजरी। यार्ड में रेल ट्रैक पर पत्थर आने से एक पत्थर अचानक तेजी से उछला और बरेली-बनारस एक्सप्रेस के इंजन के वॉच ग्लास से टकरा गया। इससे लोको पायलट का वॉच ग्लास टूट गया। इस बारे में तुरंत ही सूचना कंट्रोल को दी गई। वॉच ग्लास पूरी तरह से टूटकर नीचे नहीं गिरा था। ऐसा होने पर लोको पायलट भी जख्मी हो सकता था। बाद में ट्रेन को यहां से इसी स्थिति में लखनऊ की ओर रवाना कर दिया गया। लखनऊ में इंजन का वॉच ग्लास बदला गया।