वाराणसी। युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने बताया कि 29 अक्तूबर को बलिया के टाउनहाल में युवा सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। लोकनायक जयप्रकाश नारायण के स्मृति में होने वाले इस सम्मेलन में पूर्वांचल से दो हजार से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन में देश में बढ़ रही बेरोजगारी, युवा आयोग के गठन, किसानों-मजदूरों की समस्याओं पर चर्चा होगी।
गुरुवार को रोहित सिंह ने कहा कि देश के युवाओं को विभिन्न राजनीतिक पार्टियां भटकाने का प्रयास कर रही हैं। देश में राजकुमारों और संघर्षशील युवाओं के बीच संघर्ष चल रहा है। प्रजातंत्र में राजतंत्र स्थापित हो गया है। आम युवाओं को आगे कर पार्टियां परिवारवाद को आगे बढ़ा रही हैं। युवा चेतना पूरे देश में युवाओं की लड़ाई लड़ रही है। इसके तहत जेपी, चंद्रशेखर और राजनारायण के योगदान को गांव-गांव, पांव-पांव अभियान चलाकर युवाओं को उनके अधिकारों के लिए जागरूक किया जाएगा।
गुजरात में यूपी, बिहार के लोगों पर हमले के मामले में उनका कहना है कि अल्पेश ठाकोर की सेना ने सब किया है। अल्पेश कांग्रेस के न सिफ़ॱर विधायक हैं बल्कि कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव भी हैं। उन्होंने गुजरात सरकार से अल्पेश की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।