वाराणसी। कुंवर अनंत नारायण सिंह ने रामनगर थाने में राजकुमारी हरप्रिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा कर अपनी तीनों बहनों को रक्षाबंधन का उपहार दिया है। शुक्रवार की शाम रामनगर किले में आयोजित प्रेसवार्ता में यह बात काशी राजघराने की राजकुमारी कृष्णप्रिया ने कहीं। उन्होंने कहा कि तथाकथित स्वार्थी रिश्तेदारोें ने भाई और तीनों बहनों के बीच खटास पैदा की है। काशी स्टेट के राजकीय चिह्न का व्यावसायिक प्रयोग कर कुंवर अनंत नारायण सिंह उसका दुरुपयोग कर रहे हैं। हम तो काशी नरेेश की पुत्री होने के कारण अपनी प्रतिष्ठा के लिए उसका वर्षों से सही उपयोग कर रहे हैं।
रामनगर थाने में कुंवर अनंत नारायण सिंह की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है कि उनकी बहन हरप्रिया ने अपने बेटे के शादी के कार्ड में काशी स्टेट के राजकीय चिह्न का गलत तरीके से उपयोग किया। इस संबंध में काशी नरेश डॉ. विभूति नारायन सिंह की सबसे छोटी बेटी राजकुमारी कृष्णप्रिया ने कहा कि इस कार्रवाई का हम बहनें भी वैधानिक तरीके से जवाब देंगी। कुंवर अपने होटल में दिए जाने वाले थैलों में राजकीय चिह्न का उपयोग गलत तरीके से कर रहे हैं। हम तीनों बहनें वर्षों से राजकीय चिह्न का प्रयोग करती चली आ रही हैं। राजकीय चिह्न का ट्रेडमार्क के तौर पर उपयोग करना अवैध है।
कृष्णप्रिया ने कहा कि जिन लोगों के पास कल तक खाने का ठिकाना नहीं था वो आज फैक्ट्रियों, एजेंसियों और पेट्रोल पंपों के मालिक हो गए हैं। यही तथाकथित रिश्तेदार कुंवर को गुमराह कर रहे हैं। कुंवर किसी बहन से बात नहीं करते। हमने कभी संपत्ति में हिस्सा नहीं मांगा, जबकि नियमानुसार हमारा हक है। कुंवर और हम तीनों बहनें काशी नरेश के उत्तराधिकारी हैं। कुंवर हम बहनों को हमारे हक और प्रतिष्ठा से वंचित करना चाहते हैं। इसी वजह से मुकदमा दर्ज कराने जैसा काम कर रहे हैं।
---------
बेटे की शादी में बहन रोती रही भाई के लिए
राजकुमारी कृष्णप्रिया नेे कहा कि उनकी बड़ी बहन हरप्रिया अपने बेटे की शादी में भाई कुंवर अनंत नारायण सिंह की राह देखती रही। बेटे की शादी में खुश होने की बजाय भाई के न आने से वह बेहद दुखी थी और रोती रही। कुंवर के प्रति हरप्रिया का हमेशा ममत्व भरा भाव रहता है। ऐसी बहन के खिलाफ उन्होंने मुकदमा दर्ज कराया। हम तीनों बहने कुंवर के प्रति प्रेमभाव रखती हैं, उन्हें स्वार्थी लोगों से दूरी बनाकर रहना चाहिए और पिता की ऐतिहासिक विरासत को आगे बढ़ाना चाहिए।