ज्ञानपुर/खमरिया। जिले के चकवा और नटवां महावीर मंदिर पर लगने वाले प्रसिद्ध बुढ़वा मंगल मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई है। सोमवार शाम तक मेला में दुकानें, झूला आदि सज चुके थे। मेले में सुरक्षा को देखते हुए ज्ञानपुर-लालानगर पर वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। सावन मास के अंतिम मंगलवार को ज्ञानपुर नगर से सटे ऐतिहासिक चकवा महावीर मंदिर पर लगने वाले बुढ़वा मंगल मेले में सोमवार को देर शाम तक दुकानें सज गईं थी। मंदिर के आसपास झूले लगाए जा चुके हैं। मेले में किसी भी तरह की कोई समस्या न हो, इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है।
एएसपी डॉ. संजय कुमार ने कहा कि मेला क्षेत्र में लगी दुकानों और झूला आदि को व्यवस्थित कर दिया गया है। मंदिर के पुजारी से भी बात की गई है। मेले में किसी भी प्रकार की वसूली करने वालों पर पैनी नजर रहेगी। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहेंगे। वहीं नटवां महावीर मंदिर पर होने वाले मेले की तैयारी पूरी कर ली गई है। कैलाश नाथ महाराज पुजारी ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था की मांग की।