ज्ञानपुर। सर पास कर देना, मां नहीं है, पापा मार डालेंगे... कुछ इस तरह के कोटेशन बच्चों की उत्तर पुस्तिकाओं में देखने को मिल रहे हैं। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के दौरान कापियों से पास करने की फरियाद के कोट के साथ नोट भी निकल रहे हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की 10वीं और 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य वीएन जीआईसी में चल रहा है। 11वें दिन 13015 कापियों का मूल्यांकन हुआ। माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षकों का मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार जारी है। फिर भी मूल्यांकन कार्य तीव्र गति से चल रहा है। राजकीय और सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक मूल्यांकन कार्य को पूरा करने में जुटे हैं। कापियों में पास होने के लिए परीक्षार्थियों की मनुहार पढ़ परीक्षक अपने ठहाके को रोक नहीं पा रहे हैं। 11वें दिन 13015 कापियां जांची गई। 10वीं की अब केवल गृह विज्ञान और वाणिज्य विषय की कापियों की जांच शेष रह गई हैं, जो बुधवार को पूरी हो जाएगी। 10वीं और 12वीं की कुल दो लाख 50 हजार 875 कापियां आई हैं। अब तक एक लाख 46 हजार कापियों की जांच हो चुकी है। 31 मार्च तक मूल्यांकन कार्य का समाप्त करना है। मूल्यांकन केंद्र के उप नियंत्रक नीरज त्रिपाठी ने बताया कि निर्धारित समय तक मूल्यांकन कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। राजकीय शिक्षकों ने हड़ताल पर होने के बाद भी मूल्यांकन कार्य किया।