औराई। इलाके के जेठूपुर स्थित काशिराज चिल्ड्रेन एकेडमी का वार्षिकोत्सव रविवार को धूमधाम से मनाया गया। बच्चों ने गीत-संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा दिखाई और खूब तालियां बटोरीं।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख बृजमोहन मिश्र और कोतवाली प्रभारी सुनील दत्त दूबे ने समारोह का शुभारंभ किया। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि बच्चे हमारे देश की धरोहर है। उनकी प्रतिभा में निखार लाने के लिए ऐसे आयोजन होने चाहिए। स्कूल के शिक्षकों और अभिभावकों को सदैव ध्यान देना चाहिए की बच्चों पर पढ़ाई के लिए किसी तरह का दबाव न बनाएं। हंसते-खेलते उन्हें पढ़ाएं ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने नानी तेरी मोरनी..., स्कूल चलें हम..., छोटा बच्चा जान के हमको... जैसे गीतों पर शानदार नृत्य की प्रस्तुतियों से लोगों का दिल जीत लिया। इस मौके पर प्रबंधक द्वारिकानाथ दूबे, नीतम कुशवाहा, राजेंद्र प्रसाद दूबे, प्रेम बहादुर सिंह, विवेक दूबे, दिनेश सिंह, साधु तिवारी आदि रहे। संचालन आदर्श शुक्ला ने किया। प्रधानाचार्य सुनील जायसवाल ने आभार जताया।