भदोही। नगर के जल्लापुर मोहल्ले की सड़कें बिन बरसात झील बन गई हैं। नाली और सीवर लाइन न होने की वजह से घरों का गंदा पानी सड़कों और गलियों में बहता रहा है। नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही से समस्या दिन प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। काफी व्यस्त रहने वाले मार्ग पर जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण लोगों को गंदे पानी से आना-जाना पड़ता है। साथ ही दुर्गंध के चलते क्षेत्रीय बाशिंदों का जीना मुश्किल हो रहा है।
जल्लापुर नई बस्ती में जल निकासी की समस्या गंभीर हो गई है। लोगों को बिन बरसात ही जलभराव की स्थिति झेलनी पड़ रही है। जल्लापुर को बाईपास मार्ग से जोड़ने वाली मुख्य सड़क इन दिनों जलमग्न है और लोगों को आने-जाने में भारी दुश्वारी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि वार्ड की जल निकासी की समस्या को पहले दुरुस्त की जाए। इसके बाद सड़क निर्माण हो। जल्लापुर मार्ग निवासी मो. शमशाद, मो. याकूब, फिरोज अंसारी, इकबाल अंसारी ने कहा कि जल्लापुर में कई वर्ष पूर्व स्लॉटर हाउस का निर्माण प्रस्तावित था। विरोध प्रदर्शन के बाद उसे बंद कर वहां इंटर पंपिंग स्टेशन (आईपीएस) का निर्माण करा दिया गया, लेकिन जल निकासी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे वे दूषित वातावरण में जी रहे हैं। कई बार शिकायतों के बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ। लोगों ने बताया कि आईपीएस
का निर्माण तो हो गया लेकिन नाला या सीवर बनाकर चौरी रोड के बड़े नाले में नहीं मिलाया गया, जिससे सड़क और मोहल्ला ही तालाब बना रहता है। सात सौ मीटर मार्ग पर बसे तीन दर्जन घरों के लोगों को आने-जाने में भारी दुश्वारी हो रही है। इसके अलावा जलभराव में बाइक सवार, स्कूली बच्चों और महिलाओं को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने नगर पालिका अध्यक्ष से समस्या का समाधान कराने की मांग की है।