रामनगर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा के जिला टॉपर मोहम्मद इमरान लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ के हाथों सम्मानित होकर प्रफुल्लित है। अमर उजाला की ओर से लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मेधावी सम्मान समारोह में चार अक्तूबर को मोहम्मद इमरान को सम्मानित किया गया। इस सम्मान से इमरान के घर में ही खुशी का माहौल नहीं है, नाते रिश्तेदार भी उस पर नाज कर रहे हैं।
मोहम्मद इमरान का कहना है कि परिश्रम का फल मीठा होता है। मुख्यमंत्री के हाथों में मुझे सम्मान मिला, इसकी कल्पना मैंने कभी नहीं की थी। अमर उजाला की ओर से मुझे फाउंडेशन कोर्स की कई किताबें मिली हैं। इन किताबों को पढ़कर मैं अब 12वीं में टॉप करने का पूरा प्रयास करूंगा। बताया, मैं आईएएस अफसर बनना चाहता हूं ताकि देश की सेवा कर सकूं। इमरान के सम्मान से खुश उनकी मां अफसाना बेगम कहती हैं, इमरान की पढ़ाई में मैं अब कोई रुकावट पैदा नहीं होने दूंगी। इमरान के चाचा डॉ. मोइन सिद्दीकी भी भतीजे की सफलता से खुश हैं।
अब्बू सईद अहमद का कहना है कि मैं मेहनत-मजदूरी कर इमरान की पढ़ाई पूरी कराऊंगा। वह कहते हैं कि जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. ओपी राय ने वाराणसी से लखनऊ जाने के लिए उन्हें दो हजार रुपये की मदद की थी। इससे उनकी यात्रा आसान हो गई।