वाराणसी। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने स्थानीय निकाय चुनाव में पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया है। कहा, कार्यकर्ता इस चुनाव को हर चुनाव की चुनौती की तरह लें। बताया कि इस चुनाव में हमारा शब्द मंत्र ‘स्वच्छता ही सेवा’ होगा। पार्टी इसी ध्येय वाक्य के सहारे निकाय चुनाव में उतरेगी। सूत्रों की मानें तो निकाय चुनाव की तैयारियों के लिए भाजपा अब वार्डों की समस्याएं दूर कराने में जुटेगी। कार्यकर्ता वार्डों में सड़क, पानी, नाली, खड़ंजा आदि की समस्याओं का समाधान कराने के लिए काम करेंगे। 20 अक्तूबर तक पार्टी प्रत्याशियों की सूची जारी करने की योजना बना रही है। शुक्रवार को निकाय चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर ककरमत्ता स्थित एक होटल में हुई बैठक में बंसल ने कहा कि सभी जिलाध्यक्षों को चुनाव के लिए अलग से बूथ समितियां बना लेनी चाहिए। मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण का काम, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के काम को जल्द पूरा कराना है। प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा ने कहा कि निकाय चुनाव में पार्टी का परचम फैलाने से कोई नहीं रोक सकता है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य ने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने के बाद यह पहला चुनाव होगा। इसमें हम जनता के बीच जा रहे हैं इसलिए संगठन की तैयारियों को लेकर होमवर्क पूरा करके क्षेत्रीय कार्यालय पर सूचना जल्द भेजे। क्षेत्र के संगठन महामंत्री रत्नाकर ने सभी पदाधिकारियों, जिलाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली। बैठक का संचालन महामंत्री रामचंद्र मिश्र और धन्यवाद ज्ञापन अशोक चौरसिया ने किया। बैठक में मुरारीलाल अग्रवाल, अनीता सचान, नागेंद्र रघुवंशी, मनीष कपूर, दिलीप सिंह, संजय भारद्वाज, धर्मेद्रं सिंह, अशोक तिवारी, आशीष बघेल, मोहितोष नारायण, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, डॉ. हरेंद्र राय आदि शामिल रहे।