वाराणसी। चौक थाने के पीछे राजादरवाजा में सोमवार रात करीब 8:30 बजे झोले के होलसेल कारोबारी मोहन निगम (50) की दुकान में घुसकर बदमाशों ने गोली मार हत्या कर दी। मोहन को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से .32 बोर पिस्टल के दो खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस मोहन और उनके भाई के बीच संपत्ति बंटवारे के विवाद और उनके साले सुनील से मांगी गई रंगदारी के मामले में किए गए हस्तक्षेप को वजह मानकर जांच में जुटी है। वहीं, इलाकाई लोगों के अनुसार फायरिंग के बाद दो लोग पैदल ही मोहन की दुकान के बगल की गली से भागते हुए देखे गए।
हड़हा निवासी मोहन निगम सोमवार रात अपनी दुकान पर अकेले बैठे थे और उनका कर्मचारी हुकुलगंज निवासी अरविंद दवा लेने गया था। इस दौरान इलाके की बिजली गुल थी और तेज बारिश होने के कारण आसपास की ज्यादातर दुकानें बंद हो गई थीं। इलाकाई लोगों की शिकायत पर बिजलीकर्मी समस्या दूर करने पहुंचे थे। इसी दौरान लगातार तीन राउंड फायरिंग हुई तो बिजलीकर्मी और आसपास मौजूद लोग भाग निकले। थोड़ी देर बाद लोग इकट्ठा हुए तो पता चला कि मोहन अपनी दुकान में खून से लथपथ पड़े हैं। इलाकाई लोगों की सूचना पर मोहन के बड़े भाई झोला कारोबारी रामचंद्र निगम मौके पर पहुंचे। आननफानन में मोहन को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक मोहन की कनपटी में बाईं तरफ, नाक पर और दाहिने हाथ में गोली बेहद करीब से मारी गई थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया तो रोते-बिलखते परिवारीजन मोहन को मलदहिया स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां भी डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी तो शव वापस मंडलीय अस्पताल ले जाया गया।
रामचंद्र ने पुलिस को बताया कि आठ महीने पहले मोहन के साले झोला कारोबारी सुनील निगम से दस लाख रुपये की रंगदारी मांगकर राजादरवाजा स्थित उसकी दुकान पर फायरिंग की गई और बम फेंका गया था। इस मामले में मोहन ने बीचबचाव किया था। आशंका है कि इसी रंजिश में बदमाशों ने मोहन को गोली मारी होगी। वारदात की सूचना पाकर आईजी रेंज दीपक रतन, एसपी सिटी और सीओ चेतगंज मंडलीय अस्पताल पहुंचे।
एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह के मुताबिक मोहन के बेटे गौरव और साले सुनील ने बताया है कि संपत्ति बंटवारे को लेकर मोहन और उनके भाई के बीच विवाद था। कई बार पंचायत भी हुई थी। एक पहलू रंगदारी से भी जुड़ा है। तफ्तीश के लिए तीन टीमेें लगाई गई हैं और क्षेत्र के पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।