वाराणसी। जीएसटी के विरोध में कपड़ा मंडी के साथ वाराणसी वस्त्र उद्योग संघ ने 27, 28 और 29 को बंदी की घोषणा की है। इसके चलते मदनपुरा, बड़ी बाजार, मऊ, मुबारकपुर, लोहता जैसे मंडियों में मार्केट बंद रहेंगे। बनारसी वस्त्र उद्योग संघ के समर्थन की घोषणा नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रेम मिश्रा ने किया है। यह फैसला अगड़िया एसोसिएशन की बैठक में लिया गया। इसमें महामंत्री डॉ. अंजनी मिश्रा, श्रीराम अग्रवाल, मोनी सिंह, विनीत शाह, संजीव मोहले, जगदीश बाबू, श्रीराम रस्तोगी, दिलीप कुमार आदि उपस्थित रहे।
उधर, जरी व्यापार मंडल तथा काशी कलाबत्तू कुटीर उद्योग मंडल की कार्यकारिणी की एक संयुक्त बैठक रविवार को नाटी इमली में हुई। अध्यक्षता जरी व्यापार मंड के अध्यक्ष राम प्रकाश ने की। इसमें जरी /कलाबत्तू पर जीएसटी लगाने पर दोनों व्यापार मंडल के सदस्यों ने रोष व्यक्त किया। दोनों संगठनों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया कि 27 से 29 जून तक जीएसटी के विरोध में सभी अपनी दुकान और कारखाने बंद रखेंगे। बैठक में काशी कलाबत्तू उद्योग मंडल के अध्यक्ष श्याम सुंदर जायसवाल, घनश्याम जायसवाल, ओम प्रकाश गुप्ता, शिवशंकर गुप्ता, भइयालाल, सत्येंद्र, श्रीप्रकाश, ओमप्रकाश, श्रीधर, अमूल्य, मोतीलाल, शिवकुमार, अशोक आदि मौजूद रहे। उधर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेशपति त्रिपाठी ने बनारसी वस्त्र उद्योग उत्पाद पर जीएसटी लगाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कांग्रेस के पूर्व विधायक अजय राय ने कहा है कि बनारस के सांसद के प्रधानमंत्री रहते हुए बनारसी वस्त्र उद्योग को जीएसटी में शामिल किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।