बरसठी। रामपुर थाना के सेहरा गांव में शनिवार को सुबह बारात विदा होने के बाद छेना की मिठाई खाने से 20 लोग बीमार पड़ गए। उल्टी दस्त से पीड़ित लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। एक की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रामपुर थाना के सेहरा गांव में लालजी पटेल की बेटी की शादी शुक्रवार को थी। शनिवार को बारात विदा होने के बाद जब रिश्तेदारों के विदा करने से पहले छेना से बनी मिठाई खिलाकर सभी को पानी पिलाया गया। छेना से बनी मिठाई खाने के करीब 15 मिनट बाद लालजी के घर के ही बुर्जग झूरू पटेल उल्टी दस्स ते पीड़ित हो गए। परिवार के लोग उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे। उसके बाद एक के बाद एक रिश्तेदार भी उल्टी दस्त से पीड़ित होने लगे। जिसमे लालजी पटेल (40), फौजदार पटेल (32), नितेष पटेल (28), मेवालाल (52), चन्द्रावती (45), बिनीता (20), अनीता (18), सुभावती (25), संजु पटेल (40), श्यामविहारी(45), मुकेश पटेल (31), शिवाजी (23), गीता (27), चन्दा देवी, गोलू(8), इन्द्रा देवी (18) को गांव वालों ने एम्बुलेंस से सभी को पीएचसी रामपुर पहुंचाया। जहां झूरू पटेल की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. विकास ने बताया अस्पताल में भर्ती सभी 19 मरीजों की हालत सामान्य है। रविवार को इन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।