एनजीटी की रिपोर्ट में 76 में से 31 नाले अब तक नहीं हुए टैप
एनजीटी की रिपोर्ट में स्टॉर्म वाटर ड्रेन और गंगा की सहायक नदी असि में अवैध टैपिंग को पर्यावरणीय कानूनों का उल्लंघन बताया गया था। ट्रिब्यूनल में सुनवाई के दौरान राज्य कार्ययोजना में सामने आया कि वाराणसी और चंदौली जिलों में कुल 76 नाले गंगा और वरुणा नदियों में गिरते हैं। इनमें से 31 नालों की टैपिंग अब तक पूरी नहीं हुई है। इसके चलते बड़ी मात्रा में बिना शोधित सीवेज सीधे नदियों में पहुंच रहा है।
वरुणा-असि की बेहतरी से गंगा होगी निर्मल
बीएचयू के गंगा रिसर्च सेंटर की रिपोर्ट के अनुसार, वरुणा और असि नदियों का अपना मौलिक जल, गुण, मात्रा और आवेग हुआ करता था। ये नदियां नगर के भूमिगत जलस्तर को संतुलित रखने के साथ गंगा के कटाव वाले क्षेत्रों में मिट्टी भरकर उन्हें स्थिरता प्रदान करती थीं। इनकी बेहतरी से न केवल नदियों का प्राकृतिक स्वरूप लौटेगा, बल्कि गंगा के निर्मलीकरण की योजना को भी मजबूती मिलेगी।
गंगा में बीओडी 3-6 पीपीएम
वर्ष 2022 से पहले केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने वाराणसी में गंगा नदी को प्राथमिकता खंड-चार में रखा था। अब इसे हटाकर प्राथमिकता खंड-पांच में कर दिया गया है। प्राथमिकता खंड-चार में बीओडी की मात्रा 6-10 पीपीएम होती है, जबकि खंड-पांच में यह 3-6 पीपीएम है। पहले गंगा के अपस्ट्रीम में फीकल कोलीफॉर्म की मात्रा 1300 और डाउनस्ट्रीम में 23000 एमपीएन/100 एमएल पाई गई थी। अब अपस्ट्रीम में यह 490 और डाउनस्ट्रीम में 4900 एमपीएन/100 एमएल दर्ज की गई है।
अभी पूरा सीवर शोधित नहीं हो पा रहा है। नालों के माध्यम से सीवर नदियों में जा रहा है, जिसे टैप करने का काम चल रहा है। एसटीपी का निर्माण पूरा होने और नालों की टैपिंग के बाद आने वाले दिनों में एक बूंद भी सीवर नदियों में नहीं जाएगा। -एके सिंह, अधिशासी अभियंता, जल निगम गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई