ज्ञानपुर। मुख्यालय स्थित सौ शय्या अस्पताल में अब जल्द ही इमरजेंसी की व्यवस्था शुरू होगी। अस्पताल में पांच इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) की तैनाती की गई है। अस्पताल में पांच बेड पर इमरजेंसी का संचालन होगा। अब तक अस्पताल में केवल ओपीडी संचालित हो रही थी। इमरजेंसी का संचालन होने से 24 घंटे उपचार हो सकेगा।
जिले में 2018 से बनकर तैयार मुख्यालय स्थित सौ शय्या अस्पताल का संचालन 2022 से शुरू हुआ। अस्पताल में तब से लेकर अब तक ओपीडी ही संचालित हो रही है। यहां के चिकित्सकों की लापरवाही से कई बार ओपीडी सेवाएं भी प्रभावित रहीं। हालांकि अब अस्पताल में व्यवस्थाएं धीरे-धीरे सुधरने लगी हैं। अस्पताल की ओपीडी भी अब बढ़कर हर दिन 350 से 400 के बीच हो गई है। हालांकि इमरजेंसी व्यवस्था न होने से घायलों को जिला अस्पताल या फिर अन्यत्र रेफर कर दिया जाता था लेकिन अब अस्पताल में पांच ईएमओ की तैनाती कर दी गई है। इससे अस्पताल में इमरजेंसी की व्यवस्था शुरू होगी।