लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे की री -कारपेटिंग से पहले सस्ती और नई उड़ान सेवाएं मुहैया कराने की दिशा में नागर विमानन निदेशालय ने कदम बढ़ा दिया है। इसके तहत देश के 45 छोटे-बड़े शहरों को उड़ान सेवाओं से जोड़ा जाएगा।
देश में हवाई यात्रा के विस्तार की दिशा में यह एक बड़ी पहल है, जिसे नए वित्तीय वर्ष में लागू कर दिया जाएगा। लंबे इंतजार के बाद वाराणसी से चेन्नई के बीच सीधी उड़ान सेवा आने वाले दिनों में शुरू होने के संकेत मिले हैं।
नागर उड्डयन निदेशालय के आदेश के अनुपालन में विमानन कंपनियों ने सस्ती उड़ान सेवाओं की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। अब सिर्फ 2500 रुपये में एक घंटे का हवाई सफर तय किया जा सकेगा।
सरकार की रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के जरिए बाबतपुर एयरपोर्ट से देश के 45 छोटे-बड़े शहरों को उड़ान सेवा से जोड़ने की पहल होगी। वाराणसी से सस्ती उड़ान सेवा की शुरुआत होने से देश-दुनिया से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है।
बाबतपुर एयरपोर्ट से मौजूदा समय दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, खजुराहो, हैदराबाद सहित अन्य हवाई अड्डों के लिए उड़ानें हैं। लेकिन अब चार दर्जन शहरों को जोड़ने वाले 70 हवाई अड्डों के 128 रूटों पर एयरलाइन की हवाई सेवाएं उपलब्ध होगी।