वाराणसी। सूफी संत हजरत सालार मसूद गाजी मियां रहमतुल्लाह अलैह की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पुरानी रवायन के तहत जुमे को सलारपुर बड़ी बाजार स्थित हजरत के रौजे से पलंग-पीढ़ी, मेंहदी व जोड़े का जुलूस दरगाह कमेटी की ओर से निकाला गया। जुलूस में शहर भर से शामिल लोगों का मजमा सालारपुर से शिवपुर तक नजर आया। मौसम का मिजाज तल्ख होने के बावजूद भारी संख्या में रोजेदार जुलूस में शामिल हुए।
पलंग-पीढ़ी, मेंहदी व जोड़े का जुलूस दरगाह कमेटी सैयद सालार मसूद गाजी मियां रहमतुल्लाह अलैह के सदर सेराजुद्दीन अहमद, सचिव हाजी एजाजुद्दीन हाशमी, नियाजुद्दीन हाशमी व डॉ. अजीजुर्रहमान की अगुवाई में निकला। यह जुलूस दोषीपुरा, चौकाघाट, मकबूल आलम रोड, पुलिस लाइन, अर्दली बाजार, गिलट बाजार होते हुए शिवपुर स्टेशन पहुंचा। यहां से ये लोग बहराइच शरीफ रवाना हुए। हिंदू समुदाय के लोगों के लिए शीतल पेय, शरबत, पानी, दूध का शरबत आदि की इंतजाम किया गया था।