वाराणसी। लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान कराए जाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। नेशन फर्स्ट-वोटिंग मस्ट अभियान के तहत मतदान की अपील कार्यकर्ता कर रहे हैं। इसके अलावा बीएचयू कैंपस में मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रदेश संगठन मंत्री विजय प्रताप ने बताया कि बीएचयू के छात्रावासों, संकायों, विभागों के साथ ही शिक्षकों, कर्मचारियों के कालोनियों में भी अभियान चलाया जाएगा।
चुनाव अभियान के बारे में विजय ने बताया कि परिषद नोटा का पूरी तरह से विरोध कर रही है। ऐसा इसलिए कि मतदान सभी का अधिकार है, ऐसे में अपील की जा रही है हर कोई अपने मत का प्रयोग जरूर करे। बीएचयू परिसर में 84 हॉस्टल, 16 संकाय और 120 विभागों में जाकर कार्यकर्ता सभी से मतदान की अपील करेंगे। इसके अलावा वाराणसी लोकसभा की पांच विधानसभाओं के संयोजक, सह संयोजक बनाए जाने के साथ ही 500 कार्यकर्ताओं को चुनाव में जिम्मेदारी दे दी गई है। 17 अप्रैल को काशी विद्यापीठ में 1000 पूर्व कार्यकर्ताओं का महासम्मेलन भी आयोजित किया गया है।