वाराणसी। रंगों का पर्व होली गुरुवार को मनाया जाएगा। इसके लिए घर से लेकर बाहर तक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इससे पूर्व बुधवार को होलिका का दहन शुभ मुहूर्त में किया गया। इसके बाद होली की मस्ती शुरू हो गई, लोगों ने अबीर गुलाल लगाकर जमकर मस्ती की और एक दूसरे को होली की बधाईयां दी।
रंग और अबीर गुलाल संग हर्षोल्लास के साथ मनाया जाने वाला पर्व होली के लिए लोग दूर दराज से अपने घरों को पहुंचे हैं। इसके साथ ही मस्ती का दौर शुरू हो गया है, लोग देर शाम तक खरीदारी करने के लिए बाजारों में उमड़े रहे। मस्ती और उल्लास के बीच मनाये जाने वाले इस पर्व से से पहले बुधवार को जैसे ही 8 बजकर 12 मिनट पर भद्रा समाप्त हुआ वैसे ही पूजन कर होलिका में अग्नि जलाई गई। कहीं ठंडई का प्रसाद बंटा तो कहीं अबीर गुलाल उड़ाये गए। इसके साथ ही कुछ लोगों ने डीजे पर होली गीतों को बजाकर जमकर मस्ती की, जो देर रात तक चलता रहा।
होली को लेकर जलकल ने पानी की पर्याप्त व्यवस्था की है। एक ओर जहां आम दिनों की अपेक्षा अतिरिक्त पानी देने की व्यवस्था की है। वहीं कंट्रोल रूम बनाकर अधिकारियों को तैनात किया है, जो व्यवस्था की निगरानी करेंगे। सुबह दोपहर और शाम को तीन समय पानी की सप्लाई की जाएगी।