वाराणसी। शहर की सात प्रमुख सड़कों का शिलान्यास आठ मार्च से पहले किया जाएगा। नगर निगम सीमा की सड़कें, गलियां और अन्य जन सुविधाओं को दुरुस्त करने का निर्देश प्रदेश के राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी ने मुख्य अभियंता को दिया। पांचों जोन में स्वीकृत ऐसी सड़कों जिनके टेंडर की कार्यवाही पूरी हो गई है उसके शिलान्यास और निर्माण शुरू कराए जाने को कहा।
प्रदेश के विधि, न्याय, युवा कल्याण एवं सूचना राज्य मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी ने रविवार को दशाश्वमेध जोनल कार्यालय पर नगर निगम के अधिकारियों एवं सभासदों के साथ बैठक की। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में व्यापक सफाई व्यवस्था, फागिंग का निर्देश दिया। स्मार्ट सिटी योजना के काम, पेयजल योजना के काम सहित अन्य कामों को तेज करने को कहा ताकि चुनाव आचार संहिता लागू होने से कार्य प्रभावित न होने पाएं। राज्यमंत्री ने बेनियाबाग से कबीरचौरा मार्ग, पियरी से काशीपुरा, काशीपुरा से राजादरवाजा, काशीपुरा से नकास, लोहटिया से जैतपुरा, पियरी से चेतगंज चौराहा तथा मालवीय मार्केट सड़क सहित सात सड़कों के निर्माण कार्य को आठ मार्च से पहले शुरू करने का निर्देश दिया। सभासदों ने अपने वार्डों से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया। बैठक में नगर आयुक्त आशुतोष द्विवेदी, अपर नगर आयुक्त, जल निगम सचिव, जोनल अधिकारी, अधिशासी अभियंता, मुख्य अभियंता, स्मार्ट सिटी के अधिकारी सहित सभासद प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।