वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आपत्तिजनक फोटो फेसबुक पर वायरल करने के आरोप में सोमवार को लंका थाने में रवींद्र रंजन नामक व्यक्ति के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई सुंदरपुर निवासी भाजपा कार्यकर्ता विप्लव सिंह की तहरीर पर की गई है।
शिकायतकर्ता विप्लव सिंह के अनुसार रवींद्र रंजन नामक फेसबुक यूजर ने अपनी वॉल पर प्रधानमंत्री की आपत्तिजनक फोटो पोस्ट की है। फेसबुक पर खुद को टीवी पत्रकार बताने वाले रवींद्र रंजन की इस हरकत से आमजन की भावनाएं आहत हो रही हैं और लोगों में रोष व्याप्त है। इस संबंध में इंस्पेक्टर लंका ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। क्राइम ब्रांच की सर्विलांस सेल की मदद से आरोपी के नाम और पते की तस्दीक कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।